अपराध
पुलिस की मुठभेड़ में बदमाश घायल, पिस्टल और बाइक बरामद

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर भाग रहे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।
पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह बाइक समेत गिर पड़ा। मौके पर ही पुलिस टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश की पहचान राजेश सिंह बंटी के रूप में हुई है, जो लमही गोलीकांड का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और बाइक बरामद की है।
पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत दीनदयाल अस्पताल भेजा। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली।
ओवरटेक के विवाद में चली थी गोली
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लमही इलाके में बुधवार रात एक कार को ओवरटेक करने के विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना में चोलापुर थाना क्षेत्र के तेवर गांव निवासी निशांत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके जबड़े को चीरते हुए निकल गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कैसे और कब हुआ विवाद ?
निशांत सिंह रामकटोरा में प्राइवेट जॉब करते हैं और रोज की तरह बाइक से घर लौट रहे थे। लमही इलाके में उनकी बाइक एक अल्टो कार से ओवरटेक हो गई। इसी बात पर कार सवार बदमाशों से उनका विवाद हो गया।
निशांत सिंह जिन्हें बदमाश ने गोली मारी थी
मुंह में सटाकर मारी थी गोली
निशांत के परिजनों ने बताया कि विवाद के बाद बदमाशों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर एक युवक ने पिस्टल निकालकर उनके मुंह में सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही निशांत लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और कार सवार हमलावर फरार हो गए।घायल निशांत ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के दुकानों और मकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की पहचान राजेश सिंह बंटी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ में उसे पकड़ लिया।