चन्दौली
संचारी रोग नियंत्रण अभियान रथ को विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

चंदौली। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान माह अप्रैल 2025 का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर अभियान रथ को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और आशा बहनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि वे अभियान के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। इस दौरान सीडीओ आर जगत साईं ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसे प्रदेश के प्रभावित जनपदों में प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 24 चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं, जिससे संचारी रोगों से होने वाली मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है।
मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि चंदौली जनपद आकांक्षी जिलों में से एक है, इसलिए इस अभियान के प्रति हमारी जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। विधायक ने ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे शौचालयों के प्रयोग हेतु ग्रामीणों को प्रेरित करने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने और ग्राम सचिवालयों पर फ्लेक्स बैनर लगाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही, विधायक ने सभी उपस्थित जनों को संचारी रोगों से बचाव हेतु शपथ दिलाई और जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी दिया गया।
विधायक रमेश जायसवाल ने फीता काटकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कल्पना, डॉ. जेके चौहान, पशु विभाग के अधिकारी, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, सहायक मलेरिया अधिकारी राजीव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपद में स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अभियान के तहत स्कूलों, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।