मऊ
भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने दिया समाधान का भरोसा
मऊ। कल देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के भूतपूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सामने रखा। बैठक के दौरान लल्लन यादव ने पक्की नाली निर्माण की आवश्यकता जताई, जबकि राजेश कुमार दुबे और संतोष कुमार सिंह ने अपने मोहल्ले में बहने वाली नाली पर पटिया रखने और स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की।

ओमप्रकाश राय ने बिना बैनामा के विपक्षी द्वारा नामांतरण कराए जाने और खुद पर फर्जी एफआईआर दर्ज होने की बात रखी।मुकेश सिंह ने अपनी जमीन की खतौनी में दूसरे व्यक्ति का नाम चढ़ने और आवासीय पट्टा पर विपक्षी द्वारा मकान निर्माण रोकने की शिकायत की।
इसी तरह रामानुज मौर्य ने अपनी जमीन पर जबरन मकान निर्माण करने, राम विजय ने अपनी बाउंड्री वॉल पर गिरे पेड़ को हटवाने, प्रेम प्रकाश यादव ने जिले में सैनिक कैंटीन स्थापित करने और स्थानीय अस्पतालों को ईएचएसएस से जोड़ने की मांग रखी।
शिवकुमार पांडे ने जमीन की नापी कराने, धनई यादव ने बिजली बिल अधिक आने और सुनवाई न होने, जयप्रकाश यादव ने चक मार्ग से अवैध कब्जा हटवाने की मांग रखी, वहीं इंद्राज सिंह और दुर्गावती चतुर्वेदी ने पैमाइश की गई जमीन पर कब्जा दिलाने की गुहार लगाई।
इसके अलावा रामप्यारे यादव, जगदीश विश्वकर्मा, हरीश सिंह चौहान समेत कई अन्य भूतपूर्व सैनिकों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि प्रशासन स्तर की शिकायतों का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाएगा, जबकि न्यायिक मामलों में नियमानुसार न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही समाधान संभव होगा।
जिलाधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों की देश सेवा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों से समाज के हित में रचनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की, ताकि उनके अनुभव और कौशल से समाज को भी लाभ मिल सके।
इस बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडे समेत बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
