मऊ
श्रीमती इंदिरा गांधी ग्रुप ऑफ कॉलेज में मंच पर बिखरा रंगारंग कार्यक्रमों का रंग
मधुबन (मऊ)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के डुमरी मर्यादपुर स्थित श्रीमती इंदिरा गांधी ग्रुप ऑफ कॉलेज में गुरुवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। स्कूल प्रांगण में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।
छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा के जरिए शिक्षा, समाज और देशभक्ति जैसे विषयों पर बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं, जिससे लोगों को शिक्षा और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
छात्राओं ने किसानों की जिंदगी और उनके संघर्षों पर आधारित मार्मिक एकांकी के माध्यम से ग्रामीण जीवन की सच्चाई को सामने रखा, वहीं छात्रों ने विकसित भारत की झलक दिखाते हुए अपनी कलात्मक सोच को पेश किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना और कुलगीत की प्रस्तुति दी। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक संदेश देने वाले गीत, कौव्वाली, हास्य व्यंग्य, नाटक, महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रस्तुति, आसामी नृत्य और होली गीत जैसे कार्यक्रमों ने दर्शकों को खूब सराहा।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव कुमार ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि संस्थान में बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा और संस्कार मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही इस क्षेत्र को पिछड़ा कहा जाता हो, लेकिन यहां के युवाओं ने अपनी मेहनत से 24 आईएएस और प्रोफेसर जैसे ऊंचे पदों तक पहुंचकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के माध्यम से देश की प्रगति में भागीदार बनने की प्रेरणा दी।विशिष्ट अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद और डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ के प्राचार्य प्रोफेसर सर्वेश पांडेय ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
संस्थान के प्रबंधक राष्ट्रकुंवर सिंह और प्रबंध निदेशक इं. प्रवीण कुंवर सिंह (शुभम) ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनका आभार जताया।
इस अवसर पर डॉ. वाईपी सिंह, अमित मिश्रा, ओबैदुल्लाह, डॉ. तवस्सुम, रूखसाना खातून, डॉ. अजित कुमार, राहुल उपाध्याय, सौम्या त्रिपाठी, दीपाली चौरसिया, हेमंत सिंह, राहुल दीक्षित, अभिषेक सिंह, अनन्या चतुर्वेदी, मनोज कुमार, देवेंद्र मौर्या, मोबीन अहमद, अजय कुंवर सिंह, अजय पांडेय, बब्लू सिंह समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निकिता पाठक और अशोक सिंह ने किया।
