मऊ
बाइक से गिरकर बस की चपेट में आयी महिला
मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अलीनगर स्थित समबीम स्कूल के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के अंदौर गांव निवासी रामसुमेर राम अपनी 62 वर्षीय पत्नी प्रेमा देवी को बाइक पर बैठाकर मऊ दवा दिलाने आ रहे थे। जब वे सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अलीनगर पहुंचे, तभी अचानक प्रेमा देवी बाइक से असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं।
इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस उनके ऊपर से गुजर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, सिविल लाइन चौकी प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
