गोरखपुर
20 लाख की ठगी के आरोप में तीन गिरफ्तार
गोरखपुर। राजघाट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी कर अनुचित लाभ कमाने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना राजघाट पर दर्ज मुकदमा संख्या 90/2026 धारा 318(2), 318(4), 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने रामू राजभर पुत्र स्वर्गीय जगन राजभर निवासी धतुरा थाना गौरीबाजार जनपद देवरिया, सतीश चौधरी पुत्र स्वर्गीय जगरनाथ चौधरी निवासी कुसुम्हा थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती तथा केसव गुप्ता पुत्र स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद गुप्ता निवासी मिश्रौलिया थाना खजनी जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
घटना के संबंध में बताया गया कि अभियुक्तों ने वादी को जुआ/खेल में जीत दिलाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने वादी से मौके पर 30 हजार रुपये नकद लिए और शेष 19.70 लाख रुपये बाद में देने को कहा। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना राजघाट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव कुमार वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मोहम्मद शादाब, कांस्टेबल सुनील यादव, कांस्टेबल आशीष वर्मा तथा कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
