मिर्ज़ापुर
11 से 18 जुलाई तक चलेगा विश्व जनसंख्या दिवस अभियान
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और परिवार नियोजन पर रहेगा फोकस, जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन
‘जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल’ रहेगा इस वर्ष का स्लोगन
मीरजापुर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार तथा गर्भधारण के बीच स्वस्थ समय और उचित अंतराल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के तहत विशेष अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं को सुदृढ़ करने, सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. मिश्रा ने बताया कि परिवार नियोजन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से लोगों तक आवश्यक जानकारी और सुविधाओं की पहुंच में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, जहां आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों की मांग अधिक है तथा किशोर प्रजनन दर अपेक्षाकृत ऊंची है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस अभियान की थीम “Healthy Timing & Spacing Between Pregnancies for Well-being of Mother & Child and to Prevent Unintended Pregnancies” निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का स्लोगन “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखा गया है।
सीएमओ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य सामुदायिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान विभिन्न आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता लक्ष्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के उपलब्ध विकल्पों (बास्केट ऑफ चॉइस) के बारे में परामर्श देंगी। इसके अलावा इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में परिवार नियोजन विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों का आयोजन कर युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
