Connect with us

मिर्ज़ापुर

डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में ‘तनाव-मुक्त अभिभावकत्व’ पर मास्टरक्लास आयोजित

Published

on

Loading...
Loading...

करण अरोड़ा ने बताए तनाव प्रबंधन के उपाय, दिव्या मित्तल ने बच्चों के साथ संवाद बढ़ाने पर दिया जोर

अभिभावकों को भावनात्मक संतुलन, संवाद और सकारात्मक पालन-पोषण के दिए गए व्यावहारिक सुझाव

मीरजापुर। डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, लोहिया तालाब में बुधवार को “तनाव-मुक्त अभिभावकत्व” विषय पर एक प्रेरणादायक मास्टरक्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन द आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ फैकल्टी एवं अभिनेता करण अरोड़ा ने स्कूल की निर्देशिका अपराजिता सिंह के साथ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर तनावमुक्त और सकारात्मक अभिभावकत्व के गुर सीखे।

कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लवी सिंह मुख्य अतिथि तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन) गरिमा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, मीरजापुर की पूर्व जिलाधिकारी एवं वर्तमान में उत्तर प्रदेश शासन में सचिव दिव्या मित्तल ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर अभिभावकों को संबोधित किया।

Advertisement

“आपके बच्चे की सफलता आपकी भावनात्मक भलाई से शुरू होती है” विषय पर आयोजित इस मास्टरक्लास में तनावपूर्ण परिस्थितियों में मन को शांत रखने, बच्चों के साथ विश्वास और संवाद मजबूत करने, सकारात्मक पारिवारिक माहौल बनाने तथा शांति, स्पष्टता और एकाग्रता के लिए सरल श्वास एवं ध्यान तकनीकों की जानकारी दी गई।

करण अरोड़ा ने व्यावहारिक अभ्यास और ध्यान के माध्यम से तनाव कम करने के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि भावनात्मक रूप से संतुलित अभिभावक ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सत्र के दौरान अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया।

पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा बच्चों के साथ बिताने, उनसे खुलकर बातचीत करने तथा उनकी तुलना दूसरे बच्चों से न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए परिवार का सकारात्मक वातावरण सबसे महत्वपूर्ण है।

Advertisement

कार्यक्रम के अंत में स्कूल की निर्देशिका अपराजिता सिंह ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी ऐसे जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक ध्यान के साथ हुआ।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page