गोरखपुर
हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद
गोरखपुर। थाना तिवारीपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना तिवारीपुर पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 63/2026 से संबंधित अभियुक्त आलोक पुत्र जुगुनू निवासी उत्तरी कोलिया थाना गीडा तथा अनीष उर्फ पन्ने पुत्र रामसकल निवासी श्रीरामनगर कॉलोनी नौसड़ थाना गीडा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा .315 बोर भी बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 9/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 29 अप्रैल 2026 को दोनों अभियुक्तों ने एक राय होकर वादी के पुत्र पर जान से मारने की नीयत से धारदार लोहे के हथियार से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना तिवारीपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशि किरण सिंह, कांस्टेबल रामबाबू यादव, कांस्टेबल कमलेश कुमार, कांस्टेबल अजीत कुमार एवं कांस्टेबल आनंद यादव की टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
