वाराणसी
स्कूल से लौट रही महिला को बस ने कुचला, मौत
शिवपुर बाइपास पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा, चालक-परिचालक बस छोड़कर फरार
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया, तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
वाराणसी। शिवपुर बाइपास स्थित आर्द्रिका होटल (रोटी ढाबा) के पास मंगलवार सुबह सड़क पार करते समय एक महिला को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, न्यू अशोक विहार कॉलोनी, शिवपुर निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव (पत्नी राहुल बसक) मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान शिवपुर बाइपास पर आर्द्रिका होटल के समीप डिवाइडर कट से सड़क पार करते समय वाराणसी की ओर से आ रही प्राइवेट बस संख्या यूपी-62 एटी-4626 ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद महिला बस के पहिए की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बस छोड़कर फरार हुए चालक-परिचालक
हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। वहीं महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
