वाराणसी
पूर्व विधायक ऊदल पटेल की 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
देवराई में लोकजन सोशलिस्ट पार्टी ने किया आयोजन
पिंडरा। लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के तत्वावधान में पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. ऊदल पटेल की 21वीं पुण्यतिथि सोमवार को उनके निवास स्थान देवराई में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
राजनीति को सेवा का माध्यम बताया
पुण्यतिथि कार्यक्रम में लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि ऊदल पटेल ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का माध्यम माना। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हीं के आदर्शों और विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
आदर्शों पर चलने की अपील
डॉ. विश्वकर्मा ने कहा कि केवल श्रद्धांजलि देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से आत्मचिंतन करने और समाज सेवा के मार्ग पर चलने की अपील की।
श्रद्धांजलि अर्पित कर किया नमन
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. ऊदल पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व विधायक के बड़े पुत्र छोटेलाल पटेल, पौत्र अजय ऊदल, अरविंद पटेल, श्यामधनी, राजकुमार यादव, भइयालाल, राधेश्याम, नरेश विश्वकर्मा, दिनेश शर्मा सहित विभिन्न दलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
