जौनपुर
स्कूल चलो अभियान: रैली निकाल बच्चों को शिक्षा के प्रति किया जागरूक
सीतमसराय में जागरूकता गोष्ठी आयोजित, शत-प्रतिशत नामांकन पर दिया गया जोर
डीबीटी, मुफ्त किताबें और मध्यान्ह भोजन सहित सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
मड़ियाहूं (जौनपुर)। विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत सीतमसराय में स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। जन विकास संस्थान, नौपेड़वा द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से संचालित मैत्री परियोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर गांव में रैली निकाली और लोगों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में शिक्षा के महत्व और सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
जन विकास संस्थान के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अरविन्द कुमार ने कहा कि शिक्षा जीवन के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से स्कूल भेजने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक चन्द्रकांत सिंह तथा सहायक अध्यापक हिमांशु सिंह, प्रियंका यादव और अनामिका यादव ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन तथा यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते-मोजे आदि के लिए डीबीटी के माध्यम से ₹1200 की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है।
मैत्री परियोजना के फील्ड कोऑर्डिनेटर शिवशेखर ने सभी बच्चों का आधार कार्ड बनवाने, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और नियमित उपस्थिति पर जोर दिया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री मीरा देवी ने शिक्षा को समाज की प्रगति की आधारशिला बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में 94 छात्र-छात्राओं सहित 36 महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में जन विकास संस्थान की टीम, विद्यालय के शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
