जौनपुर
डीएम ने एनएच-135ए निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा भुगतान की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
261 करोड़ के सापेक्ष 236 करोड़ रुपये किसानों को मिले मुआवजे, शेष भुगतान जल्द होगा
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को निर्माणाधीन एनएच-135ए (पैकेज-2) जौनपुर-शाहगंज मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण, किसानों को मुआवजा भुगतान तथा विभिन्न विभागों से लंबित स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी और अयोध्या को जोड़ने वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग पूर्वांचल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूरा होने से जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने बताया कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण मद में निर्धारित 261 करोड़ रुपये के सापेक्ष अब तक 236 करोड़ रुपये किसानों के खातों में मुआवजे के रूप में भेजे जा चुके हैं। शेष किसानों को भुगतान और अन्य राजस्व संबंधी औपचारिकताओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा हो सके। निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर सहित कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
