वाराणसी
सामने घाट पर क्रूज टर्मिनल को मिली सशर्त मंजूरी, दो एकड़ जमीन देगा नगर निगम
वाराणसी। काशी को अंतर्राष्ट्रीय जल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामने घाट पर प्रस्तावित क्रूज टर्मिनल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति ने सामने घाट स्थित दो एकड़ भूमि भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) को देने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक रूप से सशर्त सहमति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय के तहत प्राधिकरण को उक्त भूमि का किराया डीएम सर्किल रेट के अनुसार देना होगा। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो निर्मित टर्मिनल भवन का एक फ्लोर नगर निगम को देना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था से नगर निगम के राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ सरकारी संपत्तियों के प्रभावी उपयोग और मुद्रीकरण का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
नगर निगम के इस फैसले से क्रूज संचालन को संगठित आधार मिलने की उम्मीद है, वहीं शहर के पर्यटन और आधारभूत संरचना में व्यापक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। आराजी संख्या 316/25 की दो एकड़ भूमि पर बनने वाला यह प्रोजेक्ट काशी को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अभी तक गंगा में अधिकांश क्रूज और नावों का संचालन मुख्य घाटों तक सीमित था, जिससे वहां अत्यधिक दबाव बना रहता था। प्रस्तावित टर्मिनल के निर्माण से गंगा के उस पार और सामने घाट क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को नए अवसर मिलेंगे।
इसके अलावा क्रूज संचालन, टर्मिनल प्रबंधन और संबंधित सेवाओं जैसे होटल, गाइड और परिवहन के क्षेत्र में सैकड़ों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। यह टर्मिनल भविष्य में वॉटर टैक्सी समेत अन्य जल परिवहन सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
इसी बैठक में नगर निगम ने शहर की सेवा बस्तियों के कायाकल्प की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। मलीन बस्तियों के सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसमें शिवपुर स्थित कांशीराम आवास को भी शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में सितंबर-अक्टूबर तक बिजली, सड़क, नाली और शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 67 लाख रुपये की लागत से ऐढ़े स्थित गौशाला के पीछे खाली भूमि पर नई चारदीवारी और गौशाला निर्माण का कार्य कराया जाएगा, जिससे निराश्रित गोवंश को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
नगर निगम की कार्यकारिणी ने शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए अवस्थापना विकास निधि से विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इसके अंतर्गत नदेसर में दैनिक जागरण कार्यालय के पास रेलवे लाइन के किनारे लगभग 98.59 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण, चौकीदार कक्ष, शौचालय और परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। वहीं कैंटोमेंट क्षेत्र में 44.96 लाख रुपये की लागत से चौकीदार कक्ष, शौचालय, सबमर्सिबल और नाली निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही करीब 1.52 करोड़ रुपये की लागत से परेड कोठी में पार्किंग स्थल, कार्यालय कक्ष, वर्कशॉप शेड सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
