गोरखपुर
सरयू नदी से जल भरने आए कांवड़ियों पर हमला, एक युवक गंभीर घायल
डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद, चार नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला उपनगर स्थित सरयू नदी के पक्का घाट पर जल भरने आए कांवड़ियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ मनबढ़ों ने कथित तौर पर कांवड़ियों के एक समूह पर हमला कर दिया। चंद चौराहे के पास हुई इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गोला पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात एक बजे सरयू नदी के पक्का घाट पर जल भरने पहुंचे थे कांवड़िये
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के ग्राम धौरहरा निवासी सूरज पुत्र संतोष अपने मित्र कबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडेरा शुक्ल भरवनी गांव निवासी अनूप गौड़ पुत्र गंगादीन गौड़ के साथ रविवार की देर रात करीब एक बजे गोला स्थित सरयू नदी के पक्का घाट पर जल भरने पहुंचे थे। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया।
चंद चौराहे पर घेरकर चाकू और डंडे से हमला करने का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाद के बाद दोनों जल भरकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान चंद चौराहे पर पहले से मौजूद विशाल निषाद, अंकित निषाद पुत्र सिंगारे निषाद, हिमांशु निषाद और मोहित निषाद समेत अन्य लोगों ने अनूप गौड़ पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से चाकू और डंडों का इस्तेमाल किया, जिससे अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया।
बीच-बचाव करने वालों को भी दी गई धमकी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब सूरज और अन्य कांवड़ियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने तथा दोबारा देखने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चार नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घायल पक्ष की लिखित तहरीर पर गोला पुलिस ने चार नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष बोले—दर्ज हुआ मुकदमा, की जा रही कार्रवाई
इस संबंध में गोला थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
