गोरखपुर
सऊदी अरब में ड्रोन हमले में गोरखपुर के कमलेश पांडेय की मौत, गांव में पसरा मातम
गोरखपुर। जिले के बांसगांव क्षेत्र के किशनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय की सऊदी अरब में ड्रोन हमले की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार की आजीविका के लिए विदेश में काम कर रहे कमलेश की असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दम्माम एयरपोर्ट पर करते थे काम
मिली जानकारी के अनुसार, कमलेश पांडेय पुत्र हरिश्चंद्र पांडेय सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर काम करते थे। बताया गया है कि 21 अक्टूबर की रात हुए ड्रोन हमले के दौरान वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों और परिचितों में शोक छा गया।
पत्नी और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
कमलेश पांडेय की मौत से उनकी पत्नी सुनीता देवी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बड़ी बेटी 14 वर्ष की है, जबकि छोटी बेटी की उम्र महज 10 वर्ष है। कम उम्र में ही दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी का विलाप सुनकर सांत्वना देने पहुंच रहे लोगों की आंखें भी नम हो जा रही हैं।
गांव में शोक की लहर, परिजनों को मिल रही सांत्वना
घटना के बाद किशनपुर बगही गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। विदेश में मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कमलेश की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे परिजन
परिजन कमलेश पांडेय के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं। परिवार को उनके शव के गांव पहुंचने का इंतजार है, ताकि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके। इस दुखद घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
