गोरखपुर
गोपालपुर चौराहे पर ट्रेलर की चपेट में आने से 55 वर्षीय राजेश दूबे गंभीर घायल
बछड़े को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, जिला अस्पताल रेफर; चालक पुलिस के हवाले
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोपालपुर चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम ट्रेलर की चपेट में आने से 55 वर्षीय राजेश दूबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर और सिर में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद लोगों ने ट्रेलर और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बछड़े को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुआ ट्रेलर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हटवा दूबे पूरा गांव निवासी राजेश दूबे पुत्र स्वर्गीय दिनेश दूबे गोपालपुर चौराहे पर वाहनों के शॉकर की मरम्मत का काम करते हैं। शुक्रवार देर शाम दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर रामजानकी मार्ग पर उरुवा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अचानक सड़क पर आए बछड़े को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया।
पैर पर चढ़ा ट्रेलर का पहिया, सड़क पर गिरे राजेश
ट्रेलर की चपेट में आने से राजेश दूबे सड़क पर गिर पड़े और वाहन का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया। हादसे में उनके पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। गनीमत रही कि वह ट्रेलर के अन्य पहियों की चपेट में नहीं आए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी और घायल राजेश दूबे को सीएचसी गोला पहुंचाने में मदद की। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ट्रेलर चालक पुलिस के हवाले
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर और उसके चालक को पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा रही। घायल राजेश दूबे के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।
