वाराणसी
वाराणसी में NEET परीक्षा आज, प्रशासन चौकस
48 केंद्रों पर 21,388 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
वाराणसी। मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली National Eligibility cum Entrance Test (नीट) परीक्षा रविवार को जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच संपन्न होगी। परीक्षा के लिए जिले में कुल 48 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 21,388 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर ली गई थीं।
एडीएम सिटी आलोक वर्मा के अनुसार परीक्षा को सुचारु और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 48 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा केंद्र पर पेपर शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले पहुंचें और परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों के लिए विशेष नियम लागू किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यकता होने पर ही पूरी बांह के कपड़े पहनें। यदि कोई अभ्यर्थी पानी की बोतल साथ लाता है तो वह पारदर्शी होनी चाहिए। धार्मिक वस्तुएं जैसे ताबीज या गंडा पहनने की अनुमति होगी, लेकिन उनकी जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। जूतों के स्थान पर चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और खाद्य सामग्री को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
