भदोही
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस की ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ज्ञानपुर में गांधी पार्क से दूधनाथ मंदिर तक निकाली पदयात्रा, कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
ज्ञानपुर (भदोही)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना के विरोध में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली गई। पदयात्रा की शुरुआत गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए ज्ञानपुर-दुर्गागंज मार्ग से दूधनाथ मंदिर पहुंचे, जहां भगवान के समक्ष पूजा-अर्चना कर दोषियों तथा सत्ता में बैठे लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई।
मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कहा कि भगवान श्रीराम देशवासियों की आस्था, मर्यादा और संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने श्रीराम की आस्था को राजनीति का माध्यम बनाया है और मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मामलों पर सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में रामभक्त होती तो मंदिरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार राजन ने संयुक्त बयान में कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल निचले स्तर पर कार्रवाई कर जांच को सीमित किया जा रहा है, जबकि वास्तविक जिम्मेदारों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही है।
कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पदयात्रा में निवर्तमान प्रदेश सचिव राकेश कुमार मौर्य, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश चंद्र मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, त्रिलोकीनाथ बिंद, अवधेश पाठक, स्वालेह अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
