भदोही
भदोही एसपी अभिनव त्यागी ने की जनसुनवाई
शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
कहा- कागजों पर नहीं, धरातल पर हो शिकायतों का समाधान; लापरवाही बर्दाश्त नहीं
भदोही। जनपद में आमजन की समस्याओं के समयबद्ध और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र एसपी के समक्ष प्रस्तुत किए। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी अभिनव त्यागी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि मामलों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो, जिससे पीड़ित पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए, उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
