मनोरंजन
राकेश बेदी ने ठुकराई थी आदित्य धर की फिल्म, बेटी के कहने पर माने
मुंबई। टीवी से लेकर बड़े पर्दे तक अपनी पहचान बना चुके अभिनेता राकेश बेदी इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर 2’ में निभाए गए अपने किरदार जमील जमाली को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने एक दिलचस्प खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने कभी निर्देशक आदित्य धर की एक फिल्म का प्रस्ताव ठुकरा दिया था, जिसे बाद में उन्होंने स्वीकार किया।
राकेश बेदी ने बताया कि वह शुरू में फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ का हिस्सा बनने के इच्छुक नहीं थे, क्योंकि उसमें उनका केवल एक छोटा सा सीन था। इसी कारण उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया था। हालांकि बाद में उनकी बेटी रितिका के समझाने पर उन्होंने अपना निर्णय बदला और फिल्म के लिए हामी भर दी। राकेश के अनुसार, उनकी बेटी ने उन्हें समझाया कि स्थापित कलाकारों को नए निर्देशकों के साथ काम करना चाहिए, ताकि नए कलाकारों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में राकेश बेदी का दृश्य
उन्होंने यह भी साझा किया कि अपने करियर में उन्होंने कई ऐसी फिल्मों में काम किया है, जिनमें उन्हें पारिश्रमिक नहीं मिला। वर्ष 1982 में आई फिल्म ‘साथ-साथ’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस फिल्म के लिए उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला था, यहां तक कि कई बार कलाकारों को अपना भोजन भी घर से लेकर जाना पड़ता था।
वहीं ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग को लेकर राकेश बेदी ने कहा कि इसके लिए मजबूत कहानी का होना जरूरी है। उनका मानना है कि दूसरे भाग (Dhurandhar 2) में कहानी का समापन हो चुका है, जहां एक जासूस अपना मिशन पूरा कर देश लौट जाता है, ऐसे में तीसरे भाग के लिए फिलहाल कुछ खास शेष नहीं बचता।
