मनोरंजन
आलोचना के बाद अक्षय कुमार का रिएक्शन, ‘लोगों को पसंद नहीं आया तो सॉरी’
मुंबई। अभिनेता Akshay Kumar ने अपनी चार साल पुरानी फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को लेकर उठे विवाद पर अब माफी मांगी है। वर्ष 2022 में रिलीज हुई इस ऐतिहासिक फिल्म में उनके लुक, विशेषकर नकली मूंछों को लेकर दर्शकों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और फिल्म को भी बॉक्स ऑफिस पर असफलता का सामना करना पड़ा था।
फिल्म में पृथ्वीराज चौहान की भूमिका निभाते हुए अक्षय कुमार के नकली मूंछों वाले लुक की व्यापक आलोचना हुई थी। इस मुद्दे पर हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए अभिनेता ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि वह अलग-अलग फिल्मों और किरदारों के लिए अपने लुक पर लगातार काम करते रहते हैं। उदाहरण के तौर पर अपनी दाढ़ी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उसे बढ़ाने में करीब छह सप्ताह का समय लगा, जिसके दौरान उन्होंने कोई अन्य काम नहीं किया।

अभिनेता ने स्पष्ट किया कि ‘सम्राट पृथ्वीराज’ में कहानी की मांग के अनुसार विशेष प्रकार की मूंछों की जरूरत थी, जो उनके चेहरे पर स्वाभाविक रूप से संभव नहीं थीं। इसी कारण उन्हें नकली मूंछों का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने स्वीकार किया कि संभव है दर्शकों को यह लुक पसंद नहीं आया हो।
अक्षय कुमार ने कहा कि अभिनय के दौरान कई बार ऐसे निर्णय लेने पड़ते हैं, जो हर किसी को पसंद नहीं आते। हालांकि, यदि उनके इस लुक से दर्शकों को निराशा हुई है, तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
