मनोरंजन
रनवीर-दीपिका के घर फिर गूंजेंगी किलकारियां, बेटी दुआ के हाथों साझा की खुशखबरी
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रनवीर सिंह और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण एक बार फिर माता-पिता बनने जा रहे हैं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी दूसरी गर्भावस्था की जानकारी साझा की है, जिसके बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में खुशी का माहौल है।
दीपिका पादुकोण ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें रनवीर सिंह (Ranveer Singh) अपनी बेटी दुआ को गोद में लिए हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर में रनवीर का चेहरा स्पष्ट नहीं है, वहीं दुआ का आधा चेहरा भी ढका हुआ दिखाई देता है। इस फोटो का प्रमुख आकर्षण दुआ के हाथ में दिखाई दे रही प्रेग्नेंसी किट है, जिसके जरिए इस खुशखबरी का संकेत दिया गया है।

अभिनेत्री Deepika Padukone ने इस तस्वीर के साथ दो नजरबट्टू इमोजी भी साझा किए हैं। पोस्ट सामने आने के बाद फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों ने भी इस जोड़ी को शुभकामनाएं दी हैं। Bhumi Pednekar और Samantha Ruth Prabhu समेत कई हस्तियों ने अपनी खुशी जाहिर की है।
उल्लेखनीय है कि दीपिका और रनवीर ने वर्ष 2018 में विवाह किया था। शादी के लगभग छह वर्ष बाद 8 सितंबर 2024 को उनके घर बेटी दुआ का जन्म हुआ था। अब करीब दो वर्ष बाद यह दंपती दूसरी बार माता-पिता बनने जा रहा है, जिससे दुआ बड़ी बहन बनने वाली हैं।
कार्य क्षेत्र की बात करें तो दीपिका पादुकोण को पिछली बार Singham Again में अभिनेता Ajay Devgn के साथ देखा गया था। वर्तमान में उनके पास कई आगामी परियोजनाएं हैं, जिनमें Shah Rukh Khan की फिल्म “किंग” और Allu Arjun की फिल्म “राका” शामिल हैं। वहीं रनवीर सिंह अपनी आगामी फिल्म “प्रलय” में नजर आएंगे, इससे पहले उनकी फिल्म “धुरंधर” और “धुरंधर 2” को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिल चुकी है।
