गाजीपुर
मिशन रोजगार के तहत गाजीपुर में 191 युवाओं को मिली नौकरी की सौगात
109 पंचायत सहायकों, 10 वन स्टॉप सेंटर कर्मियों और 72 युवाओं को बांटे नियुक्ति व ऑफर लेटर
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार अभियान के तहत शनिवार को राइफल क्लब स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज, महिला कल्याण एवं सेवायोजन विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र और ऑफर लेटर पाकर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

109 पंचायत सहायकों को मिली जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अगस्त 2026 में जिले में 109 पंचायत सहायकों की नियुक्ति हुई है। जिले की 1238 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष अब तक 1206 पंचायत सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 32 ग्राम पंचायतों में चयन प्रक्रिया जारी है।
गांव के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे पंचायत सहायक
मंत्री ने कहा कि पंचायत सहायक ग्राम सचिवालय को सक्रिय रखने के साथ ग्रामीणों को आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र सहित विभिन्न जनसेवा केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवनियुक्त पंचायत सहायकों से सरकार की योजनाओं का लाभ ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वन स्टॉप सेंटर के लिए 10 कर्मियों का चयन
महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत अगस्त माह में वन स्टॉप सेंटर के लिए 10 कार्मिकों का चयन किया गया है। ये कर्मचारी हिंसा और संकट से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे आवश्यक सहायता और सेवाएं उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएंगे।
72 युवाओं को निजी कंपनियों से मिला ऑफर लेटर
सेवायोजन विभाग के माध्यम से अगस्त माह में 72 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ है। चयनित युवाओं को हिन्दाल्को, रेनुकोट, ग्लोबल ऑटोटेक और पूर्वांचल सहित विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
दिसंबर तक होंगे 23 रोजगार मेले
अधिकारियों के अनुसार अगस्त से दिसंबर 2026 तक जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, संस्थानों और महाविद्यालयों में 23 रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में करीब 6000 अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य रखा गया है। अप्रैल से अगस्त 2026 तक आयोजित 13 रोजगार मेलों में अब तक 977 अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है।

सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत में ऐसे सहायक उपलब्ध कराना है, जो पंचायत के कार्यों को डिजिटल और पारदर्शी बनाने में सहयोग करें। विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुरूप रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनसेवा को प्राथमिकता देने की अपील
विधायक ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बिंद, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी मौजूद रहे।
