गाजीपुर
बिजली के तारों पर चढ़ी बेल और टहनियां, हादसे का खतरा
नंदगंज-गाजीपुर। नंदगंज बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल में पत्रकार पुरम गली के मुहाने पर बिजली के खंभे के तार इन दिनों बेल और पौधों की टहनियों से घिरे हुए हैं। लताएं और टहनियां बिजली के तारों पर इस कदर चढ़ गई हैं कि तार लगभग पूरी तरह इनके बीच ढके नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
तारों से लताओं और टहनियों के सटने से स्पार्किंग होने तथा आसपास के पौधों में करंट उतरने की आशंका बनी हुई है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में किसी भी समय हादसा होने की आशंका से लोग चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग समय-समय पर तारों के रखरखाव और क्षेत्र के निरीक्षण का दावा करता है, लेकिन मौके की स्थिति विभागीय लापरवाही को उजागर कर रही है। लोगों ने मांग की है कि विद्युत विभाग तत्काल कर्मचारियों को भेजकर तारों से लताओं और टहनियों को हटवाए, ताकि संभावित दुर्घटना को समय रहते टाला जा सके।
