वाराणसी
बाल रोग विशेषज्ञ के घर ATS-IB की छापेमारी, संदिग्ध कनेक्शन पर जांच तेज
वाराणसी। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के ओंमकालेश्वर मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक बाल रोग विशेषज्ञ के घर सुरक्षा एजेंसियों ने छापा मारा। एटीएस और आईबी की टीम सुबह मौके पर पहुंची और पूरे परिवार को घर के भीतर ही निगरानी में रखकर पूछताछ शुरू की।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई लखनऊ में पकड़े गए चार आतंकियों से जुड़े इनपुट के आधार पर की गई है। अपुष्ट जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर के बेटे की कश्मीरी हैंडलर से कथित बातचीत की जांच के सिलसिले में एजेंसियां सक्रिय हुई हैं।
बताया गया है कि संबंधित चिकित्सक और उनकी पत्नी का उसी भवन में अस्पताल संचालित होता है। दो मंजिला मकान के प्रथम तल पर परिवार रहता है, जबकि निचले हिस्से में सात कमरों में अस्पताल चलता है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा कारणों से गली को आम लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर तैनात रही, हालांकि पूरी कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों के नियंत्रण में रही। पुलिस अधिकारी भी निरीक्षण के लिए पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद लौट गए।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि एजेंसियां टेरर फंडिंग की आशंका को लेकर जांच कर रही हैं। इस दौरान डॉक्टर परिवार के मोबाइल फोन और लैपटॉप की भी जांच की गई। देर शाम तक पूछताछ और जांच की प्रक्रिया जारी रहने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।
