राज्य-राजधानी
बकरीद को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह, मस्जिदों में तैयारियां पूरी
लखनऊ। राजधानी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व 28 मई को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह का माहौल है। खासतौर पर पुराने लखनऊ के इलाकों में इन दिनों रौनक बढ़ गई है। बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है और बकरों की मंडियां भी सजने लगी हैं।
लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।बकरीद को लेकर शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी।
इसके अलावा शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी नमाज के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं।त्योहार के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
वहीं धर्मगुरुओं और मौलानाओं ने लोगों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।मौलानाओं ने खास तौर पर लोगों से सड़क पर नमाज अदा न करने की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग निर्धारित स्थानों पर ही नमाज पढ़ें।
उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की भी अपील की गई है।पुराने लखनऊ के बाजारों में त्योहार की रौनक साफ दिखाई देने लगी है।
लोग खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। कपड़े, सेवइयां, मसाले और अन्य जरूरत के सामान की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है। बकरीद को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।शहर में त्योहार को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और मुस्लिम समुदाय के लोग पूरे उत्साह एवं धार्मिक आस्था के साथ ईद-उल-अजहा मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
