Connect with us

अपराध

फर्जी जीएसटी अधिकारी बन ट्रक चालक से वसूली का प्रयास, दो गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

कुशीनगर। पटहेरवा क्षेत्र में फर्जी जीएसटी (GST) अधिकारी बनकर ट्रक चालक से लूट का प्रयास करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। घटना बगही स्थित एक पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है, जहां हरियाणा से नेपाल जा रहे ट्रक को निशाना बनाया गया।

जानकारी के अनुसार 26 मार्च की शाम ट्रक चालक जसवंत सिंह, निवासी गड़ीछानी थाना बिरानी, हनुमानगढ़ (राजस्थान), ट्रक संख्या एचआर-57बी/7750 को बगही के समीप एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा किए थे। ट्रक पर चारा काटने की मशीन लदी थी। इसी दौरान अपाची बाइक से तीन युवक पहुंचे और स्वयं को जीएसटी अधिकारी बताते हुए चालक से कागजात की मांग करने लगे। आरोपितों ने कागजात को फर्जी बताते हुए 1.80 लाख रुपये की मांग की और कहा कि ई-बिलिंग न होने के कारण यह जुर्माना देना होगा।

चालक ने तत्काल माल स्वामी रामऋषि, निवासी कसुम्बी थाना डींग, जिला सिरसा (हरियाणा) से फोन पर संपर्क किया। स्वामी ने कागजात को वैध बताते हुए पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। इसके बाद बदमाशों ने चालक और सहचालक पर पैसे देने का दबाव बनाना जारी रखा। चालक द्वारा पुलिस को सूचना देने की कोशिश की भनक लगते ही आरोपित धमकी और अपशब्द कहते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि चालक ने उनकी बाइक के नंबर प्लेट की तस्वीर अपने मोबाइल में कैद कर ली।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक स्वामी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गोविंद शर्मा निवासी गाजीपुर, थाना तमकुहीराज और संदीप यादव निवासी लवकुश पश्चिमपट्टी, थाना तुर्कपट्टी के नाम सामने आए। पुलिस ने शनिवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग के काजीपुर कट के पास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, बाइक और मोबाइल बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी जयंत यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page