गोरखपुर
पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर गिरफ्तार, पैर में गोली लगी; बंद घरों को बनाता था निशाना
गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर में गैंगस्टर समेत करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं।
बंद घरों में चोरी करता था गिरोह
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजघाट क्षेत्र के तुर्कमानपुर नई मस्जिद निवासी मो. शहजादे के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी नियाज अहमद और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, सोमवार की देर रात करीब एक बजे रामगढ़ताल क्षेत्र में पुलिस मुखबिर की सूचना पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मो. शहजादे के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल रामपुकार भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चोरी के जेवर, नकदी और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के चार कंगन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, गले का हार, 10 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
20 अगस्त की चोरी के बाद से तलाश में थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के एक बंद घर में चोरी की घटना हुई थी। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें चोरों की गतिविधियां कैद हुई थीं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर मो. शहजादे की पहचान की थी और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी।
