वाराणसी
नौकरी के लिए विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी
पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त को दी तहरीर, मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग
वाराणसी। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी किए जाने का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में ठगी के शिकार लोगों ने वाराणसी के पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में प्रयागराज के माडा थाना अंतर्गत भारतगंज स्थित जुबेर नगर मोहम्मद अली रोड निवासी नदीम, मोहम्मद अनीस, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद शाहीदन, मोहम्मद अंसार तथा नसीम अहमद ने आरोप लगाया है कि, 22 फरवरी 2024 को घमरिया आफताब नगर कॉलोनी, सरफराज बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के सामने थाना लोहता, वाराणसी निवासी बेहरुल इस्लाम उर्फ विक्की ने नौकरी के लिए विदेश भिजवाने का आश्वासन देकर हम लोगों को अपने घर लोहता बुलाया और इसके एवज में पैसों की मांग की। उसकी बातों पर विश्वास करके हम लोगों ने विभिन्न तिथियों पर उसे ऑनलाइन क्रमशः 82 हजार 70 हजार, 65 हजार, 77400 और 65 हजार रुपए दिए।

14 मार्च को मुंबई में मेडिकल करवाने के नाम पर हम लोगों से 50-50 हजार नगद लिया था और भरोसा दिलाया की तुम लोगों को अज़रबैजान में नौकरी दिला देंगे। इसी क्रम में उसने 1 अप्रैल को अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के जरिए अजरबैजान के वीजा की पीडीएफ कॉपी हमारे मोबाइल नंबर पर भेजा था।10 अप्रैल को उसने हमारे मोबाइल नंबरों पर पीआरसी अप्रूवल व्हाट्सएप के जरिए पीडीएफ भेजते हुए बताया कि तुम लोगों का टिकट अजरबैजान के लिए हो चुका है।
इसी क्रम में उसने 20 अप्रैल को हमारे मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप के जरिए पीडीएफ प्रति भेजी। जब हम लोगों ने टिकट का अवलोकन किया तब पता चला की 2 मई को मुंबई से फ्लाइट है। बेहरूल इस्लाम उर्फ विक्की की बातों और उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई वीजा पीआरसी व टिकट पर भरोसा करके हम लोग 27 मई को मुंबई पहुंचे तो उसने मोबाइल पर सूचित किया कि तुम लोग मेरे द्वारा भेजे गए व्हाट्सएप में उल्लेखित पता HW हीयर वर्ल्ड आफरीन सिद्दीकी के मुंबई स्थित वासी कार्यालय में जाकर अपना एग्रीमेंट पेपर प्राप्त कर लो। तब हम लोग उस पते पर पहुंचे और आफरीन सिद्दीकी से बातचीत कर अपना एग्रीमेंट पेपर प्राप्त कर लिया। 2 मई को हम लोग नौकरी के लिए अज़रबैजान ले जाने की तैयारी की। तभी 1 मई को विक्की ने अपने मोबाइल नंबर से मैसेज भेजा की तुम लोगों की फ्लाइट कैंसिल हो गई है।
उसकी इन चाल बाजियों और छल कपट से हमें यकीन हो गया की विदेश में नौकरी दिलाए जाने के नाम पर बेहरूल इस्लाम उर्फ विक्की ने धोखा किया है। विदेश में कोई नौकरी दिलाई जाने का की व्यवस्था नहीं है। सिर्फ आश्वासन मिला है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया।
हम लोग 4 मई को मुंबई से वापस लौटकर 5 मई को वाराणसी पहुंचे तब 6 मई को विक्की के घर लोहता गए तो वह घर पर नहीं मिला, घरवालों ने बताया कि वह नहीं है, आएगा तो बात करना। अभी यहाँ से चले जाओ। इसके बाद उसकी पत्नी तबस्सुम, बहन सबा, भाई नजरूल व उसकी मॉ नाहिदा जो क्षेत्रीय आशा कार्यकत्री है, हम लोगों को ही धमकाने लगी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के कई लोग इकट्ठा हो गए उनमें कई ऐसे थे जो उसकी ठगी और फ्रॉड का शिकार हुए हैं।
हमने मौके की स्थिति देखते हुए 112 नम्बर डायल करके पुलिसकर्मी को बुलाया जिसपर 112 नम्बर की टीम पहुँचकर घटना की जानकारी लेते हुए उसके परिवार वालों से विक्की को तत्काल हाजिर किये जाने का निर्देश दिया लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी बेहरूल इस्लाम उर्फ विक्की मौके पर हाजिर नहीं हुआ। बल्कि घटना की जानकारी होने पर वह कहीं भाग गया। क्षेत्रीय द्वारा 112 नंबर की टीम को बताया गया कि वह विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का सदस्य है और इसमें उसके परिवार वाले भी मिले हुए हैं। वह गरीब लोगों को विदेश भेजने के नाम पर इसी तरह धन ऐंठते हैं।
