वाराणसी
दो सगे भाइयों की गृहस्थी में लगी आग

वाराणसी। जिले के सारनाथ क्षेत्र में गुरुवार की सुबह चूल्हे की चिंगारी की वजह से दो सगे भाइयों की मड़इयों के साथ ही गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में खूटें से बंधी दस बकरियां जलकर मर गई जबकि दो गायें गंभीर रूप से झुलस गई है। आग इतनी भीषण थी की गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। दोनों भाइयों के जीविकोपार्जन का जरिया बकरी और गाय ही थी।

जानकारी के अनुसार, सारनाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत छांही के राजभर बस्ती में पारसनाथ राजभर व भैयालाल सगे भाईयों का परिवार रहता है। दोनों भाइयों के पक्के घर के बाहर झोपड़ियां हैं। जिसमें 10 बकरियां और 2 गाय खूंटे से बंधी हुई थी। सुबह के समय भैयालाल की पत्नी चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान तेज हवाओं का असर था। तभी अचानक से चूल्हें से निकली चिंगारी मड़ई तक जा पहुंची और देखते ही देखते आग की लपटों ने झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। परिवारवालें जान बचाते हुए बाहर भागे और मदद की गुहार लगाने लगे। आसपास के लोग पहुंचे। तब तक आग ने विकाराल रूप घारण कर लिया था और पक्के मकान भी उसकी जद में आ चुके थे।
आसपास के लोगों ने आग पर काबू करने का प्रयास किया। दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी गई लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी रास्ता संकरा और रास्ते में नीचे तक लटकते बिजली के तारों के कारण आग नहीं बुझा सकी। इधर, लपटों से घिरीं बकरियां और गायें खूटें से निकलने का प्रयास करती रहीं लेकिन उन्हें रस्सी से जबर्दस्त बांधा गया था जिसकी वजह से वह निकल नहीं सकी और आग में झुलस गईं।
