बलिया
देव पब्लिक स्कूल में वन महोत्सव, ‘मां के नाम एक पौधा’ लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
छाता रेंज के सहयोग से 400 फलदार व छायादार पौधों का वितरण, लोगों से पौधरोपण का किया आह्वान
बांसडीहरोड (बलिया)। छाता रेंज के अंतर्गत देव पब्लिक स्कूल परिसर में वन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अरुण प्रसाद सिंह ने ‘मां के नाम एक पौधा’ लगाकर किया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों के बीच करीब 400 फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अरुण प्रसाद सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने का संकल्प है।
वन महोत्सव के दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का भी संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर छाता रेंज के रेंजर प्रशांत शर्मा, वन दरोगा भीम सिंह, मंजीत, जितेंद्र पांडेय, अनिल यादव सहित वन विभाग के कर्मचारी, विद्यालय परिवार तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
