Connect with us

गाजीपुर

दृष्टिहीन व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा (कोठवा) गांव में बीती रात आटा चक्की के बाहर सो रहे दृष्टिहीन व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामनगीना यादव के रूप में हुई है, जो बचपन से नेत्रहीन थे और गांव में घूम-घूमकर पूजा-पाठ कर जीवन यापन करते थे।

बताया गया कि रामनगीना यादव रोज की तरह सोमवार रात भी आटा चक्की के बाहर सो रहे थे। आधी रात के समय चीख-पुकार सुनकर चक्की मालिक जागा और बाहर आया, जहां रामनगीना खून से लथपथ हालत में मृत पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

आटा चक्की मालिक की पत्नी पूनम ने बताया कि रात में उन्हें आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर निकलीं तो देखा कि दो व्यक्ति रामनगीना पर हमला कर रहे हैं। उनके चिल्लाने पर हमलावर भाग खड़े हुए। पूनम के पति ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।

Advertisement

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का अपने भाई के परिवार से जमीन को लेकर विवाद था। बताया गया कि मृतक के हिस्से की कुछ जमीन उनके भतीजे द्वारा बेच दी गई थी, जिस पर उन्होंने प्रशासनिक आपत्ति भी दर्ज कराई थी। मंगलवार को इसी विवाद का बंटवारा प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई।

गांव के निवासी रामसूरत ने बताया कि रामनगीना सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनकी हत्या से गांव में शोक की लहर है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page