Connect with us

वाराणसी

ताला बंद करने के विवाद ने पकड़ा तूल, मारपीट में युवक घायल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव गांव में पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत पर प्रारंभिक स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, हालांकि पुलिस आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद 14 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया।

पीड़ित रामेन्द्र यादव के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी विद्यसागर यादव ने उनके घर का ताला बंद कर दिया। विरोध करने पर विद्यसागर यादव ने गाली-गलौज करते हुए उन पर लाठी से हमला कर दिया। शोर सुनकर रामेन्द्र यादव के भाई दिनेश यादव और बंदना यादव मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

आरोपों के मुताबिक, इस दौरान विद्यसागर यादव की मां प्रेमा देवी ने ईंट से हमला किया, जिससे रामेन्द्र यादव के सिर पर गंभीर चोट आई। गांव के अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया जा सका और पीड़ित की जान बची। जाते समय आरोपियों द्वारा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।

पीड़ित ने बताया कि यह घटना 9 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई थी और इसकी सूचना तत्काल फूलपुर थाने को दी गई थी, लेकिन उस समय न तो प्राथमिकी दर्ज की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मामला पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के संज्ञान में आने के बाद 14 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा कायम किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक आकाश गौर को सौंपी गई है।

Advertisement

फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page