वाराणसी
जिला महिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी का विधायक ने किया उद्घाटन
वाराणसी। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला चिकित्सालय वाराणसी डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि सोमवार को शासन द्वारा स्वीकृत अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर (ओटी) का उद्घाटन शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी के कर कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि इस मॉड्यूलर ओटी के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें कम समय में उपचार का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर नरायान सिंह ने जानकारी दी कि इस अत्याधुनिक ओटी के माध्यम से मरीजों को उन्नत चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होगी तथा एक ही समय में दो मरीजों का ऑपरेशन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि शहर के मध्य घनी आबादी के बीच स्थित जिला महिला चिकित्सालय वाराणसी में यह पहला मॉड्यूलर ओटी स्थापित किया गया है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजीव वर्मा (वरिष्ठ परामर्शदाता), डॉ. अलका सिंह (परामर्शदाता), डॉ. उमेश सिंह (निश्चेतक), हरेन्द्र सिंह (चीफ फार्मासिस्ट), दीपिका दयाल (सिस्टर), नेहाश्री (नर्सिंग ऑफिसर), बृजेश भारतीय, अजीत मिश्रा (डी०ई०ओ०) सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सरीज गिरी, रीता आदि उपस्थित रहे।
