Connect with us

वाराणसी

ईंट से हमले में युवक की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर मामूली कहासुनी के बाद एक युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार नीरज केवट पर रविंद्र केवट और उसके साथियों ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों, बहन निशा और भाई धीरज ने बताया कि घटना की शुरुआत महिलाओं के बीच हुए विवाद से हुई थी। इसी दौरान रविंद्र केवट अपने साथियों के साथ पहुंचा और नीरज पर हमला कर दिया। इस हमले में रविंद्र केवट के अलावा किशन, कल्लू, रंजीता, बसंत, कन्हैया, भरत, टकालू और सुमन भी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर ईंट से वार कर नीरज को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अस्पताल में नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और वहां हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर आदमपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

परिजनों का कहना है कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश भी एक कारण हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे स्थिति बिगड़ गई। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना से न केवल मृतक का परिवार बल्कि पूरा मोहल्ला स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने भी घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page