बलिया
जलजमाव और गड्ढों से बदहाल दलन छपरा–रामपुर कोड़हरा मार्ग
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
बिहार सीमा को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क की मरम्मत की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बैरिया (बलिया)। विकास खंड मुरली छपरा के अंतर्गत दलन छपरा से रामपुर कोड़हरा को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बरसात के दौरान पूरी तरह जर्जर हो गया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग महुली (बिहार) की ओर जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है और बारिश के दौरान गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हर वर्ष बरसात में इस सड़क की स्थिति खराब हो जाती है, लेकिन मरम्मत के लिए कोई स्थायी कदम नहीं उठाया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी डॉ. सतीश यादव और अमरजीत यादव ने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों और सोशल मीडिया के माध्यम से मांग उठाने के बावजूद संबंधित विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
