गाजीपुर
ग्रामीण क्षेत्र में पहली बड़ी उपलब्धि, आरएस हॉस्पिटल में हुआ सफल घुटना प्रत्यारोपण
गाजीपुर। दुल्लहपुर क्षेत्र स्थित आरएस हॉस्पिटल में घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया। मां इसरावती एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल में 28 अगस्त, शुक्रवार को वरिष्ठ हड्डी रोग सर्जन डॉ. रजत सिंह और उनकी टीम ने मरीज का टोटल नी रिप्लेसमेंट (घुटने का प्रत्यारोपण) किया।
डॉ. रजत सिंह ने बताया कि घुटने के जोड़ में लंबे समय से होने वाले दर्द और चलने-फिरने में परेशानी से राहत दिलाने तथा मरीज की गतिशीलता में सुधार के लिए टोटल नी रिप्लेसमेंट किया जाता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और अस्पताल की टीम की देखरेख में ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्र में इस तरह की बड़ी सर्जरी का सफल होना अस्पताल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि हड्डी रोग से संबंधित उपचार के लिए अब क्षेत्र के लोगों को हर बार बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल में बेहतर चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि आरएस हॉस्पिटल में इससे पहले कूल्हे का प्रत्यारोपण भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है और मरीज स्वस्थ हैं। ग्रामीण क्षेत्र में जटिल ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध होना स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अस्पताल की सह निदेशिका साधना तिवारी ने बताया कि आने वाले समय में अस्पताल में न्यूरो से संबंधित सर्जरी की सुविधा भी शुरू करने की योजना है। उन्होंने सफल ऑपरेशन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, अस्पताल की टीम और मरीज के परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रजीत, गोपाल, अनुज, राजनिश, राजेश चौहान, नंदिनी, डॉ. जेपी समेत अस्पताल के चिकित्सक और समस्त स्टाफ मौजूद रहे।
