जौनपुर
खड़े डीसीएम से टकराया ट्रेलर, मकान में घुसा वाहन; किशोर की मौत
रामपुर के मुसईपुर गांव में देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, घर के बाहर सो रहे किशोर ने गंवाई जान
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
रामपुर (जौनपुर)। रामपुर थाना क्षेत्र के मुसईपुर गांव में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के बाहर सो रहे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम आगे बढ़ते हुए पास स्थित मकान में जा घुसी। इस दौरान मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे 17 वर्षीय सूरज गुप्ता पुत्र राजेश गुप्ता वाहन की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
भाई समेत तीन लोग घायल
हादसे में मृतक का 15 वर्षीय भाई राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा घर के बाहर सो रही मंजू देवी पत्नी रामजियावन गुप्ता सहित एक अन्य महिला भी घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं ट्रेलर चालक की तलाश भी की जा रही है।
