Connect with us

वाराणसी

कोडीन कफ सिरप : शुभम समेत 54 आरोपियों की संपत्ति जब्त करेगी एसआईटी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। कोडीन कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल और उसके पिता भोला जायसवाल समेत 54 आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई अब एसआईटी करेगी। इससे पहले वाराणसी पुलिस और सोनभद्र पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर चुकी है।

कोतवाली थाने की एसआईटी इस प्रकरण में फरार और 50 हजार के इनामी शुभम जायसवाल, जेल में बंद उसके पिता सहित 54 आरोपियों की संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया कोर्ट के माध्यम से जल्द शुरू करेगी। इसके अलावा वाराणसी के कोतवाली, रोहनिया और सरनाथ थाने में दर्ज मुकदमों को एक में मर्ज किया जाएगा, ताकि विवेचना और कार्रवाई एक साथ की जा सके।

वाराणसी के कायस्थ टोला प्रह्लाद घाट निवासी कोडीन कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल की तलाश अब इंटरपोल की मदद से की जा रही है। नवंबर-2025 के बाद से उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली है। वाराणसी पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित करते हुए रेड कार्नर नोटिस जारी किया है। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। वाराणसी और सोनभद्र पुलिस के बाद अब एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) आरोपियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी।

वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल, जेल में बंद उसके पिता भोला जायसवाल, विकास सिंह नरवे, वैभव जायसवाल, दिवेश जायसवाल, आकाश पाठक, अंकित श्रीवास्तव, प्रतीक गुजराती, मनोज यादव और उसका बेटा लक्ष्य यादव तथा फरार चल रहे शुभम के करीबी प्रशांत उपाध्याय सहित 54 आरोपियों की संपत्ति एसआईटी जब्त करेगी। इसके लिए कोर्ट से प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इससे पहले वाराणसी और सोनभद्र पुलिस जनवरी माह में भोला और शुभम की कोडीन कफ सिरप तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई कर चुकी है। प्रह्लाद घाट स्थित मकान, सिगरा के बादशाहबाग का मकान, रामकटोरा का मकान और पिंडरा की जमीन जब्त की जा चुकी है। इन संपत्तियों पर पुलिस पोस्टर भी चस्पा कर चुकी है। अब अपराध से अर्जित अन्य संपत्तियों पर एसआईटी कार्रवाई करेगी।

Advertisement

शुभम जायसवाल के पैसे को शराब कारोबार में लगाने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी शुभम के कारोबार को संभालने वाले वैभव जायसवाल की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पिछले दो वर्षों में खरीदी और बेची गई संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। साथ ही शराब कारोबार से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की तैयारी भी की जा रही है। सभी आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page