दुर्घटना
अनियंत्रित होकर पलटी बस, दरोगा-कैदी सहित छह लोगों की मौत; कई यात्री घायल
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब छह बजे दिल्ली से बिहार जा रही एक स्लीपर बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के एक दारोगा और एक कैदी सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए। बस लगभग 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी।

बताया गया कि श्री सरोज ट्रैवल्स की स्लीपर बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। सुबह करीब छह बजे औरास क्षेत्र के निंभाखेड़ा के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे बस का पिछला हिस्सा अंडरपास की कंक्रीट पुलिया के डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर बाईं ओर चली गई और एल्यूमिनियम गार्ड तोड़ते हुए भारी वाहन लेन में पलट गई। बस पलटते ही कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे।

घटना के करीब 10 मिनट बाद यूपीडा और औरास पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को सीएचसी भेजा गया, जहां बिहार के सिवान निवासी दारोगा रविचरन और हरियाणा निवासी कैदी छत्रपाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके साथ मौजूद एक सिपाही घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार दारोगा रविचरन कैदी छत्रपाल को बयान दर्ज कराने दिल्ली ले गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। हादसे में गोरखपुर निवासी सुरेश जायसवाल, विजेशी गुप्ता और विजय कुमार की भी मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की भारी और हल्के वाहनों की लेन करीब एक घंटे तक प्रभावित रही।

यूपीडा ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर लेन को खाली कराया। सूचना मिलने पर डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीएचसी औरास से 21 घायलों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
