गाजीपुर
साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी : दीपक कुमार
दुल्लहपुर के सिखड़ी स्थित इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
दुल्लहपुर, गाजीपुर। शारदीय नवरात्र के मद्देनजर दुल्लहपुर थाना पुलिस की ओर से पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज, सिखड़ी में साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी की पहचान, उससे बचाव, महिला सुरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।

थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि लालच में पड़कर व्यक्ति अपना विवेक खो बैठता है और कई बार इसी कारण साइबर अपराध का शिकार हो जाता है। इसलिए जागरूक रहना और किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करना जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ऐसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी, जिनसे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बैंक खातों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
साइबर क्राइम प्रभारी उपनिरीक्षक सर्वजीत यादव ने कहा कि सतर्कता ही साइबर सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है। साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से मामले में कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती है।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की दी जानकारी
मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक इंद्रदेव सिंह ने महिला पावरलाइन 1090 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी महिला या बालिका का पीछा करने, फोन पर अनावश्यक परेशान करने, साइबर उत्पीड़न या ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं की शिकायत संबंधित हेल्पलाइन पर की जा सकती है।
महिला कांस्टेबल प्रिया ने एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़खानी, अभद्रता और अश्लील हरकतों को रोकने के लिए पुलिस निगरानी करती है।
महिला कांस्टेबल शालू सिंह और हर्षिता ने छात्र-छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी देते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार राय, योगेंद्र नाथ राय, जितेंद्र सिंह, सुरेश राय, संपूर्णानंद राय सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
