गाजीपुर
रामलीला मंचन पर फिर बढ़ा विवाद, पुलिस ने आयोजकों को हिरासत में लिया
अयोध्या से बुलाए गए कलाकारों का हवाला देकर दूसरे स्थल पर आयोजन की मांग, बलुआ घाट पर पुलिस ने खाली कराया मंच
जमानिया (गाजीपुर)। कस्बे में रामलीला मंचन को लेकर चल रहा विवाद शनिवार शाम एक बार फिर गरमा गया। बलुआ घाट पर रामलीला मंचन की तैयारी कर रहे आयोजकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक चले विवाद के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया और मंच खाली करा दिया। घटना के दौरान घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मंचन रोकने पहुंची पुलिस, आयोजकों ने जताया विरोध

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम बलुआ घाट पर एक पक्ष की ओर से रामलीला मंचन की तैयारियां की जा रही थीं। इसकी सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आयोजकों को प्रशासनिक अनुमति के बिना मंचन नहीं करने की हिदायत देते हुए मंच खाली करने को कहा। इस पर आयोजकों ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
अयोध्या से बुलाए कलाकार, दूसरे स्थल की मांगी अनुमति
रामलीला समिति के अध्यक्ष अरविंद वर्मा ने बताया कि मंचन के लिए अयोध्या से कलाकारों को बुलाया गया है और वे पहुंच भी चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन की ओर से ट्रस्ट को रामलीला आयोजन की अनुमति दी गई है। कलाकारों के पहुंचने और तैयारियां पूरी होने का हवाला देते हुए उन्होंने प्रशासन से नगर में किसी अन्य उपयुक्त स्थल पर मंचन की अनुमति देने की मांग की।

नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं : पुलिस
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि शासन और प्रशासन के निर्देशों के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। बिना पूर्व अनुमति किसी नए स्थल पर धार्मिक आयोजन या नई परंपरा शुरू करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
काफी देर तक बातचीत के बाद भी आयोजकों के मंच से नहीं हटने पर पुलिस ने गोविन्ददास चौबे, मुन्ना गुप्ता, नारायणदास चौरसिया और सोनू वर्मा को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। इसके बाद मंच खाली करा दिया गया।
घाट पर तैनात रहा पुलिस बल

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बलुआ घाट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर नगसर और दिलदारनगर के थानाध्यक्षों के अलावा नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, राजस्व विभाग के कर्मचारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रामलीला मंचन को लेकर पहले से जारी विवाद के बीच शनिवार की घटना से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
