गाजीपुर
युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, बाल अपचारी गिरफ्तार
मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर खानपुर पुलिस की कार्रवाई, ईशोपुर तिराहे से पकड़ा गया किशोर
खानपुर, गाजीपुर। युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में खानपुर पुलिस ने सिधौना निवासी करीब 16 वर्षीय बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए शनिवार को ईशोपुर गांव में रामकरन इंटर कॉलेज के गेट के पास स्थित तिराहे से उसे हिरासत में लिया।
वांछित किशोर के खिलाफ दर्ज था मुकदमा
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 316/2026 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 351(3), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में सिधौना निवासी विशाल पुत्र हवलदार वांछित था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, शनिवार को खानपुर पुलिस टीम सिधौना हाईवे तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित बाल अपचारी ईशोपुर गांव में रामकरन इंटर कॉलेज के गेट के पास तिराहे पर खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
नियमानुसार की जा रही विधिक कार्रवाई
थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि बाल अपचारी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय, कांस्टेबल नवनीत कुमार पांडेय, सत्येंद्र कुमार भारतीय और ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।
