भदोही
मुकुट पूजा के साथ शुरू हुई कबूतर नाथ की ऐतिहासिक रामलीला
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ
गोपीगंज (जयदेश)। गोपीगंज नगर की सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ रविवार की रात मुकुट पूजा के साथ हुआ। रामलीला व्यास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मुकुट पूजन कराया। इसके बाद प्रमुख उद्योगपति एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बृजेश गुप्ता ने कहा कि रामचरितमानस हमें जीवन जीने की सही राह दिखाती है। इसका नियमित पाठ करने के साथ ही इसमें निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में मर्यादा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
बाबा कबूतर नाथ मंदिर रामलीला मंडल की ओर से आयोजित इस ऐतिहासिक रामलीला में स्थानीय कलाकार विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन करते हैं। शुभारंभ के अवसर पर आयोजकों एवं नागरिकों ने बृजेश गुप्ता का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में दीपांजली झांकी ग्रुप के कलाकारों ने राधा-कृष्ण, राम दरबार, हनुमान जी और महाकाल की भव्य झांकियां प्रस्तुत कीं। आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
आयोजकों ने नगर पालिका परिषद से रामलीला स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने तथा पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर दयाशंकर जायसवाल, विनय जायसवाल, अश्विनी अग्रवाल, पूर्व सभासद शिवशंकर गुप्त, मनोज जायसवाल, वीरेंद्र पांडेय, गुंजन सिंह, कड़ेदिन जायसवाल, अमित जायसवाल, मोहित सिंह, बीनू जायसवाल, प्रमोद मौर्या और सोनू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
