मनोरंजन
“बादशाह ने मेरी बीमारी का मजाक उड़ाया, वो थूककर चाटने वालों में से है” – हनी सिंह
मुंबई। हिप-हॉप म्यूजिक इंडस्ट्री के दो बड़े नाम, यो यो हनी सिंह और बादशाह के बीच का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों के बीच सालों से चली आ रही दुश्मनी ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। हाल ही में, यो यो हनी सिंह ने एक मैगजीन को दिये इंटरव्यू में बादशाह के खिलाफ अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
यो यो हनी सिंह ने कहा, “लोग मुझसे अक्सर पूछते हैं कि बादशाह के साथ विवाद क्यों हुआ। पिछले 10 सालों से एक ही आदमी (बादशाह) मुझे गालियां दे रहा है, मेरे बारे में गाने बना रहा है और मेरी बीमारी का मजाक उड़ाता रहा है। मैंने कभी जवाब नहीं दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “पिछले एक साल से मैंने इस पर बोलना शुरू किया है, वह भी अपने फैंस की वजह से। मेरे फैंस मुझे मैसेज करते हैं कि कुछ बोलिए, क्योंकि यह उनकी गरिमा से जुड़ा हुआ है। मैंने देखा कि उसने माफी मांगी, लेकिन वो उन्हीं लोगों में से है जो थूकता है और फिर चाटता है। ऐसे लोगों को मैं कुछ नहीं मानता।”
कैसे शुरू हुआ विवाद ?
हनी सिंह और बादशाह ने अपने करियर की शुरुआत माफिया मुंडीर ग्रुप के साथ की थी। 2009 में दोनों ने ग्रुप छोड़ दिया। इसके बाद से ही उनके बीच रिश्ते बिगड़ते गए। बादशाह ने कई बार दावा किया है कि हनी सिंह का मशहूर गाना ब्राउन रंग उन्होंने लिखा था, लेकिन उन्हें इसका क्रेडिट नहीं मिला। जवाब में हनी सिंह ने कहा था, “अगर बादशाह ने ब्राउन रंग जैसा गाना लिखा, तो वे अपने लिए एक हिट गाना क्यों नहीं लिख सके ?”
तब से दोनों कलाकार एक-दूसरे पर तीखी टिप्पणियां करते रहे हैं। दोनों के विवाद से उनके प्रशंसकों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। जहां कुछ लोग इस झगड़े को सुलझाने की बात करते हैं, वहीं कुछ इस दुश्मनी को लेकर अपनी-अपनी पसंद का समर्थन कर रहे हैं। देखना यह होगा कि हनी सिंह और बादशाह के बीच यह विवाद कब और कैसे खत्म होगा, या यह दुश्मनी और गहरी होती जाएगी।