बलिया
परिवहन मंत्री के गृह जिले बलिया में पहले चरण में नहीं चलेंगी ई-बसें!
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना की सूची में बलिया का नाम नहीं, स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवाल
बलिया (जयदेश)। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के गांवों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। योजना का उद्देश्य उन गांवों को बस सेवा से जोड़ना है, जहां अभी तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित किए जाने की बात कही गई है।
योजना के प्रारंभिक चरण में लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन, बरेली, फिरोजाबाद, झांसी, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और सहारनपुर समेत 18 प्रमुख जनपदों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी बताई गई है।
हालांकि, इस सूची में बलिया का नाम शामिल नहीं होने से स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के गृह जनपद और निर्वाचन क्षेत्र बलिया को पहले चरण में जगह नहीं मिलने पर लोग सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों की नजर अब इस बात पर है कि जिले में ई-बसों के संचालन को लेकर परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
फिलहाल, पहले चरण की सूची में बलिया का नाम नहीं होने के आधार पर जिले में भविष्य में ई-बसें नहीं चलेंगी, ऐसा निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। जिले को आगामी चरणों में शामिल किया जाएगा या नहीं, इसे लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
