बलिया
जनता ने अखिलेश यादव को यूपी का मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है : अकमल नईम
सपा जिला कार्यालय पर समीक्षा एवं परिचर्चा बैठक, प्रदेश सचिव ने भाजपा पर साधा निशाना; पीडीए की सरकार बनने का किया दावा
बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर समीक्षा एवं परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव बीरबल राम ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
इस अवसर पर सपा के प्रदेश सचिव अकमल नईम खां ‘मुन्ना’ ने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के शासन से परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है।
पीडीए के सहयोग से सरकार बनाने का दावा
अकमल नईम खां ने कहा कि आगामी विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा चुनावों में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यानी पीडीए के सहयोग से समाजवादी पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व पर जताया भरोसा
प्रदेश सचिव ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य के नेतृत्व पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष में समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन मजबूत होगा और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
