Connect with us

वाराणसी

कांग्रेस कार्यकर्ता रिहा, संघर्ष जारी रखने का राघवेंद्र चौबे का संकल्प

Published

on

वाराणसी (जयदेश)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर आयोजित विधानसभा घेरो कार्यक्रम के तहत महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था जिसने कार्यकर्ताओं को स्टेशन के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की।

इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया।रात भर पुलिस लाइन में कार्यकर्ताओं को रखा गया जहां ठंड के बावजूद प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई।

पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकारें लोकतंत्र और संविधान की हत्या कर रही हैं। गांधीवादी तरीके से विधानसभा घेरो कार्यक्रम को दबाने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया गया।

उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों के उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस के संघर्ष को जारी रखने की बात कही।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने या पुलिस की लाठी से कभी डरे नहीं हैं और न डरेंगे।

अजय राय के नेतृत्व में प्रदेश का हर वर्ग मजबूती से खड़ा है और आगे भी संघर्ष करता रहेगा। बुधवार शाम 3:30 बजे पुलिस ने मुचलके पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रिहा किया। रिहा होते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइन से बाहर कदम रखा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page