गोरखपुर
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों का प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
हरपुर बुदहट थाने पर थाना समाधान दिवस के दौरान उठाई आवाज, वेतनमान और पदोन्नति समेत कई मांगें
हरपुर बुदहट, गोरखपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को हरपुर बुदहट थाने पर आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने आठ सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया।

वेतनमान और पदोन्नति की मांग
लेखपाल संघ की प्रमुख मांगों में 2800 ग्रेड पे, वाहन भत्ते में वृद्धि, लंबित पदोन्नतियों को शीघ्र पूरा करना और लेखपाल पद का नाम बदलकर राजस्व उपनिरीक्षक या समकक्ष पदनाम करना शामिल है।
रिक्त पद भरने की भी मांग
लेखपालों ने रिक्त पदों को शीघ्र भरने, राजस्व ग्रामों और जनसंख्या के अनुपात में हल्कों का पुनर्निर्धारण करने, लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने तथा अंतरमंडलीय स्थानांतरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमित बनाने की मांग उठाई। संघ ने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक शासनादेश जारी करने की अपील की।
कई लेखपाल रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष संदीप यादव, आशीष सिंह, अमरेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, नीमरोज खान, रामदयाल दुसाद और राम अशीष समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया।
